सोशल मीडिया ने सच और झूठ के बीच गढ़ा ‘आधा सच’ : मुख्यमंत्री आदित्यनाथ
सोशल मीडिया ने सच और झूठ के बीच गढ़ा ‘आधा सच’ : मुख्यमंत्री आदित्यनाथ
गोरखपुर (उप्र), 23 सितंबर (भाषा) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि सोशल मीडिया ने सच और झूठ के बीच एक नई श्रेणी ‘आधा सच’ की पैदा कर दी है, लिहाजा किसी भी सूचना को समझने के लिए उसके पूरे संदर्भ को जानना जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने महंत दिग्विजयनाथ की 57वीं पुण्यतिथि और महंत अवैद्यनाथ की 12वीं पुण्यतिथि के अवसर पर गोरखनाथ मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण कथा ज्ञान यज्ञ की शुरुआत के अवसर पर श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज पूरी दुनिया में मानवता अनेक चुनौतियों का सामना कर रही है।
उन्होंने कहा कि आधुनिक दौर में लोगों के बीच अवसाद और भ्रम की स्थिति भी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि विज्ञान ने भले ही काफी प्रगति की हो, लेकिन स्थायी शांति की तलाश में दुनिया भारत की ओर देखती है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया का जिक्र करते हुए कहा कि आज सूचना के तेज प्रसार के दौर में सच और झूठ के बीच ‘आधा सच’ जैसी स्थिति सामने आई है। उन्होंने कहा कि किसी बात के एक हिस्से को प्रस्तुत करने से वह पूरी सच्चाई नहीं बन जाती, लिहाजा किसी भी सूचना को समझने के लिए उसके पूरे संदर्भ को जानना जरूरी है।
आदित्यनाथ ने कहा कि व्यक्ति के विचार, वाणी और कर्म में सामंजस्य होना सफलता के लिए आवश्यक है और अगर इन तीनों में अंतर हो तो व्यक्ति के सामने यह भ्रम पैदा हो जाता है कि उसे क्या करना चाहिए और क्या नहीं।
उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा इस तरह के भ्रम को दूर करने में सहायता करती है।
भाषा सं. सलीम शफीक
शफीक

Facebook


