निष्पक्ष चुनाव के लिए निर्देश जारी करने की चुनाव आयोग से सपा की मांग

Ads

निष्पक्ष चुनाव के लिए निर्देश जारी करने की चुनाव आयोग से सपा की मांग

  •  
  • Publish Date - June 22, 2022 / 08:00 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 07:48 PM IST

लखनऊ, 22 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ और रामपुर में लोकसभा उप चुनाव जीतने के लिए सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करने का सत्तारूढ़ भाजपा पर आरोप लगाते हुए समाजवादी पार्टी ने बुधवार को चुनाव आयोग से संपर्क किया और निष्पक्ष चुनाव के लिए निर्देश जारी करने की मांग की।

समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश मुख्य चुनाव अधिकारी से शिकायत की है कि भाजपा चुनाव जीतने के लिए मतदाताओं को लालच दे रही है और सपा के मतदाताओं के नाम सूची से काट रही है।

पार्टी ने कहा कि पारदर्शी तरीके से निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए अधिकारियों को सख्त आदेश जारी किए जाएं और सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग रोक जाए।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने चुनाव आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को एक पत्र लिखकर आरोप लगाया है कि भाजपा हार के डर से सत्ता का दुरुपयोग करने पर अमादा है। इसमें दावा किया गया है कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को झूठे मामलों में फंसाने का षड़यंत्र किया जा रहा है।

पत्र में लिखा है कि आजमगढ़ के कई गांवों जैसे सगादी, गोपालपुर और मेहनगर में सपा कार्यकर्ताओं और ग्राम प्रधानों को सरकार के दबाव में प्रशासन द्वारा धमकियां दी जा रही हैं और यह भी पता चला है कि स्थानीय भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा सपा के सक्रिय कार्यकर्ताओं की एक सूची तैयार की जा रही है ताकि सपा के मतदाताओं को मतदान करने से रोका जा सके।

पत्र में आरोप लगाया गया है कि यह सूची पुलिस को दी गई है जिससे उन्हें एसएचओ द्वारा घरों से उठाया जा सके। पत्र में यह दावा किया गया है कि भाजपा सरकार के मंत्री एसएचओ और सरकारी अधिकारियों पर चुनाव जीतने के लिए दबाव बना रहे हैं।

भाषा राजेंद्र

रंजन

रंजन