उत्तर प्रदेश विधानसभा के अगले चुनाव में सपा को शत-प्रतिशत सीट जीतनी हैं : अखिलेश

उत्तर प्रदेश विधानसभा के अगले चुनाव में सपा को शत-प्रतिशत सीट जीतनी हैं : अखिलेश

उत्तर प्रदेश विधानसभा के अगले चुनाव में सपा को शत-प्रतिशत सीट जीतनी हैं : अखिलेश
Modified Date: May 24, 2026 / 08:18 pm IST
Published Date: May 24, 2026 8:18 pm IST

लखनऊ, 24 मई (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं के सामने उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में शत-प्रतिशत सीट जीतने का लक्ष्य रखते हुए पीडीए (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग) को जीत की ‘गारंटी’ बताया।

यादव ने सपा प्रदेश मुख्यालय पर विभिन्न जिलों से आए हुए नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि साल 2022 में सपा सरकार बनाने से चूक गयी थी और 2027 के विधानसभा चुनाव में कोई कसर नहीं छोड़नी है।

उन्होंने कहा, ‘जनता समाजवादी पार्टी के साथ है। समाजवादी पार्टी का लक्ष्य शत प्रतिशत सीटें जीतने का है। इस बार उत्तर प्रदेश से भाजपा का पूरा सफाया करना है। पीडीए जीत की गारंटी है।’

यादव ने वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी को मिली सफलता का जिक्र करते हुए कहा कि वह चुनाव मिसाल है।

उन्होंने कहा कि साल 2027 में सपा की सरकार बनने पर पीड़ित, दुखी, अपमानित लोगों के साथ न्याय होगा।

सपा प्रमुख ने कहा कि लोकसभा चुनाव में हार से भाजपा बौखलाई हुई है। उन्होंने कहा कि देश को बचाने की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश की है।

उन्होंने भाजपा पर देश को गंभीर आर्थिक संकट में फंसाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जब से भाजपा सत्ता में आयी है, आम लोगों का जीना दूभर हो गया है।

यादव ने सवाल किया, ‘रोज-रोज, पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाने का क्या अर्थ है? अर्थव्यवस्था अनियंत्रित क्यों हो गयी? 12 वर्ष की सरकार के हिसाब की जवाबदेही किसकी है?’

सपा प्रमुख ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर पीडीए (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग) समाज के साथ सबसे ज्यादा अन्याय करने का आरोप लगाते हुए कहा कि लोक कल्याणकारी राज्य का नेतृत्व ईमानदार होना चाहिए, जिसका भाजपा में नितांत अभाव है।

भाषा सलीम जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में