सुलतानपुर (उप्र), 28 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर में दुर्घटनावश गोली चल जाने के कारण समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व विधायक संतोष पांडेय का निजी सुरक्षा गार्ड घायल हो गया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि घटना कोतवाली नगर क्षेत्र के गोला घाट इलाके में हुई।
पुलिस के मुताबिक घटना बृहस्पतिवार रात की है जब अवधेंद्र मिश्रा (34) के पैर में गोली लग गयी। उन्हें सुलतानपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर में भेज दिया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पूर्व विधायक रक्षाबंधन मनाने अपनी बुआ के घर गए थे। इस दौरान सीढ़ियां चढ़ते समय मिश्रा का गोलियों से भरा असलहा सीढ़ी से टकरा गया, जिससे अचानक गोली चल गई और सुरक्षा गार्ड के पैर में लग गई।
नगर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) राघवेंद्र सिंह ने बताया कि घायल का बयान दर्ज कर लिया गया है और घटना के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।
भाषा सं आनन्द सुरभि रंजन
रंजन