सपा सांसद बर्क ने भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी को आड़े हाथों लिया

सपा सांसद बर्क ने भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी को आड़े हाथों लिया

सपा सांसद बर्क ने भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी को आड़े हाथों लिया
Modified Date: May 5, 2026 / 07:42 pm IST
Published Date: May 5, 2026 7:42 pm IST

संभल (उप्र), पांच मई (भाषा) समाजवादी पार्टी सांसद जिया उर रहमान बर्क ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के नेता शुभेंदु अधिकारी के “अखिलेश अगले हैं” बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें दूसरों पर टिप्पणी करने से पहले अपने राजनीतिक भविष्य पर ध्यान देना चाहिए।

बर्क की यह प्रतिक्रिया अधिकारी के उस बयान के एक दिन बाद आई है, जिसमें पश्चिम बंगाल के भाजपा नेता ने कहा था कि उनकी पार्टी का अगला लक्ष्य अगले वर्ष होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करना है।

पश्चिम बंगाल में भाजपा की जबरदस्त जीत और सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की करारी हार के बाद अधिकारी ने सोमवार को कहा था, ‘‘ममता बनर्जी, तेजस्वी यादव और राहुल गांधी खत्म हो चुके हैं। अखिलेश यादव अगला नंबर हैं ।”

अधिकारी के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बर्क ने कहा, “अगर सिर्फ कह देने से चीजें हो जातीं, तो चुनावों की जरूरत ही नहीं पड़ती। शब्दों और हकीकत में बड़ा फर्क होता है।”

सपा सांसद ने अपने आवास पर यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा, “उन्हें पहले खुद मुख्यमंत्री बनने और अपनी स्थिति मजबूत करने की जद्दोजहद पर ध्यान देना चाहिए, उसके बाद ही दूसरों पर उंगली उठानी चाहिए।”

पश्चिम बंगाल चुनावों में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए बर्क ने कहा कि ऐसे हालात उत्तर प्रदेश में संभव नहीं हैं।

उन्होंने कहा, “पश्चिम बंगाल में जिस तरह की अनियमितताएं हुईं, वह उत्तर प्रदेश में नहीं हो सकतीं। यहां के लोग जागरूक हैं।”

उत्तर प्रदेश में “परिवर्तन की लहर” का दावा करते हुए बर्क ने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता और समाज के विभिन्न वर्ग “पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक)” के तहत मिलकर बदलाव लाएंगे और राज्य में सपा की सरकार बनाएंगे।

भाषा जफर रंजन

रंजन


लेखक के बारे में