सपा कार्यकर्ताओं ने अखिलेश को भगवान कृष्ण के रूप में दर्शाया, भाजपा की तीखी प्रतिक्रिया
सपा कार्यकर्ताओं ने अखिलेश को भगवान कृष्ण के रूप में दर्शाया, भाजपा की तीखी प्रतिक्रिया
लखनऊ, एक जुलाई (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव का जन्मदिन वाराणसी में हवन करके मनाया। इस दौरान उन्होंने एक पोस्टर पेश किया, जिसमें अखिलेश को संविधान की प्रति थामे भगवान कृष्ण के रूप में दिखाया गया है।
यादव को भगवान कृष्ण के रूप में दर्शाने पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की।
अखिलेश के 53वें जन्मदिन के अवसर पर वाराणसी में आयोजित हवन में सपा युवजन सभा के दर्जनों कार्यकर्ता शामिल हुए।
सपा युवजन सभा के प्रदेश महासचिव अजय फौजी ने ‘पीटीआई वीडियो’ को बताया, “आज जननायक और युवा हृदय सम्राट अखिलेश यादव जी का जन्मदिन है। हमने वाराणसी में भव्य हवन करके उनका जन्मदिन मनाया और एक पोस्टर पेश किया, जिसमें उन्हें संविधान की प्रति थामे भगवान कृष्ण के रूप में दिखाया गया है।”
उन्होंने कहा, “भगवान कृष्ण हमेशा सही रास्ता दिखाते थे। अखिलेश यादव देश और जनता के कल्याण के लिए भगवान कृष्ण के दिखाए मार्ग पर चल रहे हैं।”
वाराणसी में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को ‘भगवान कृष्ण’ के रूप में चित्रित करने वाले पोस्टरों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए, भाजपा प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा, ‘जिन लोगों का राजनीतिक एजेंडा हमेशा धार्मिक तुष्टीकरण पर आधारित रहा है, जो सनातन धर्म का अपमान करने का कोई मौका नहीं छोड़ते हैं, जिन्होंने राम लला मंदिर के निर्माण में हर संभव बाधा पैदा की, और जो लगातार भगवान कृष्ण के जन्मस्थान के बारे में एक शब्द भी बोलने से बचते रहे हैं, ऐसे व्यक्ति को देवता के रूप में चित्रित करना भगवान का अपमान है।”
उन्होंने कहा कि इस कृत्य के लिए जिम्मेदार समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को माफी मांगनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि उन्हें भक्तों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के परिणाम का सामना करना होगा।
भाषा जफर जोहेब
जोहेब

Facebook


