सहारनपुर में गिरफ्तार डॉक्टर को साथ ले गई श्रीनगर पुलिस

सहारनपुर में गिरफ्तार डॉक्टर को साथ ले गई श्रीनगर पुलिस

सहारनपुर में गिरफ्तार डॉक्टर को साथ ले गई श्रीनगर पुलिस
Modified Date: November 7, 2025 / 01:24 pm IST
Published Date: November 7, 2025 1:24 pm IST

सहारनपुर (उप्र), सात नवंबर (भाषा) जम्मू कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में आतंकवादी संगठन जैश-ए- मोहम्मद के समर्थन में पोस्टर लगाने के आरोप में सहारनपुर के एक निजी अस्पताल में कार्यरत एक डाक्टर को गिरफ्तार किया गया है। उसे ट्रांजिट रिमांड पर श्रीनगर पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

सहारनपुर के अपर पुलिस अधीक्षक (नगर क्षेत्र) व्योम बिंदल ने शुक्रवार को बताया कि जम्मू कश्मीर के अनंतनाग जिले के रहने वाले और सहारनपुर में एक निजी अस्पताल में काम कर रहे डाक्टर आदिल अहमद को श्रीनगर पुलिस बृहस्पतिवार को गिरफ्तार करके ले गई है। अहमद वहां दर्ज एक मुकदमे में वांछित था।

उन्होंने बताया कि सहारनपुर जिले के कई निजी नर्सिग होम और अस्पतालों में जम्मू-कश्मीर के लोग काम कर रहे हैं। इसकी जांच के लिये स्थानीय अभिसूचना इकाई भी सतर्क हो गई है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि श्रीनगर पुलिस ने कुछ दिन पहले शहर के कई इलाकों मे जैश-ए-मोहम्मद के प्रचार के लिए पोस्टर लगाये जाने के बाद अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। जांच के दौरान सीसीटीवी कैमरों में एक युवक पोस्टर चिपकाते हुए नजर आया जिसकी पहचान अनंतनाग निवासी डाक्टर आदिल अहमद के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि जम्मू कश्मीर पुलिस आरोपी की तलाश मे लगी हुई थी। इसी बीच आदिल अहमद की लोकेशन सहारनपुर में मिली थी। इसके बाद श्रीनगर पुलिस ने सहारनपुर पहुंचकर स्थानीय पुलिस और एसओजी के सहयोग से अम्बाला रोड स्थित एक निजी अस्पताल में दबिश दी और डाक्टर आदिल अहमद को हिरासत में ले लिया।

सूत्रों ने बताया कि आदिल को अदालत ने ट्रांजिट रिमाण्ड पर श्रीनगर पुलिस को सौंप दिया है और वह उसे लेकर रवाना हो गयी।

भाषा सं सलीम मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में