समस्याओं के समाधान में लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई : योगी आदित्यनाथ

Ads

समस्याओं के समाधान में लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई : योगी आदित्यनाथ

  •  
  • Publish Date - September 29, 2026 / 12:46 PM IST,
    Updated On - September 29, 2026 / 12:46 PM IST

गोरखपुर (उप्र), 29 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फरियादियों को उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाते हुए मंगलवार को कहा कि इसमें किसी भी तरह की कोताही नहीं बरती जाएगी।

यहां जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, सोमवार को गोरखपुर दौरे पर आए मुख्यमंत्री ने मंगलवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनसेवा के नियमित कार्यक्रम ‘जनता दर्शन’ में विभिन्न जिलों से आए लोगों से मुलाकात की।

उन्होंने गंभीरता से उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनसमस्याओं का समाधान तत्परता और संवेदनशीलता के साथ किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इसमें किसी भी तरह की शिथिलता या लापरवाही पाए जाने पर जवाबदेही तय करते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है और हर समस्या का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और संतोषजनक तरीके से होना चाहिए।

गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री खुद लोगों के बीच पहुंचे और एक-एक करके सभी की समस्याएं सुनीं।

उन्होंने करीब 150 लोगों से मुलाकात की और सभी को आश्वस्त किया कि घबराने की जरूरत नहीं है तथा उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कराया जाएगा।

गोरखनाथ मंदिर में प्रवास के दौरान मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री ने मंदिर की गोशाला में जाकर गोसेवा भी की।

भाषा आनन्द खारी

खारी