हरदोई (उप्र), 29 सितंबर (भाषा) हरदोई जिले के बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार तड़के करीब साढ़े चार बजे दिल्ली से लखनऊ जा रही डबल डेकर बस गंगा एक्सप्रेस वे पर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई जिससे 17 लोग घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया और सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे और घायल यात्रियों को बाहर निकलवाया। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलग्राम पहुंचाया गया।
पुलिस के मुताबिक, हादसे में कुल 17 यात्री घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद घायल राम सिंह और विवेक कुमार की हालत गंभीर बताई गई। चिकित्सकों ने दोनों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं अन्य घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलग्राम में जारी रहा।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक स्तर पर बस के अनियंत्रित होकर पलटने की बात सामने आई है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस बस चालक और यात्रियों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों के मुताबिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं आनन्द
मनीषा
मनीषा