सैन फ्रांसिस्को, 29 सितंबर (एपी) कृत्रिम मेधा (एआई) क्षेत्र की प्रमुख कंपनी ‘ओपनएआई’ ने सोमवार को कहा कि वह अपने शोधकर्ताओं की ओर से जताई गई सुरक्षा संबंधी चिंताओं के मद्देनजर नए मॉडल को जारी करने में अभी कुछ समय ले रही है। कंपनी ने यह कदम एआई प्रौद्योगिकी के तेजी से हो रहे विकास की रफ्तार को धीमा करने के अपने प्रयासों के तहत उठाया है।
ओपनएआई ने ‘जीपीटी-6.1 एस्ट्रा’ मॉडल को फिलहाल जारी नहीं करने का फैसला ऐसे समय में लिया है, जब उद्योग में अत्यधिक स्वायत्त प्रणालियों के विकास की गति को पर्याप्त सुरक्षा उपाय नहीं होने तक धीमा करने की मांग बढ़ रही है।
यह घोषणा एआई प्रौद्योगिकी क्षेत्र के दिग्गजों और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच वाशिंगटन में प्रस्तावित बैठक से ठीक एक दिन पहले हुई है। एआई कंपनियों पर अपने मॉडल के दुरुपयोग को रोकने के लिए सुरक्षा उपाय मजबूत करने का दबाव लगातार बढ़ रहा है।
ओपनएआई द्वारा मॉडल जारी करने की योजना टाले जाने की खबर सबसे पहले ‘द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ ने दी।
ओपनएआई की सुरक्षा प्रणाली प्रमुख साची जैन ने एक बयान में कहा कि यह मॉडल ‘‘सुरक्षा मानकों पर खरा नहीं उतरा।’’
उन्होंने कहा कि मॉडल कार्यों को पूरा करने में अधिक सक्षम हो गया है, लेकिन कंपनी को उसकी बढ़ी हुई क्षमता और अनधिकृत आचरण के बीच संतुलन कायम करने की जरूरत है।
जैन ने स्पष्ट किया कि कंपनी यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि प्रशिक्षण के दौरान और उपयोगकर्ताओं के हाथों में पहुंचने के बाद भी मॉडल पूरी तरह सुरक्षित रहे।
उन्होंने कहा, ‘‘सुरक्षा और जवाबदेही के मामले में हमारे मानक बेहद ऊंचे हैं।’’
ओपनएआई ने पिछले सप्ताह अपने सबसे उन्नत मॉडल का प्रशिक्षण यह कहते हुए रोक दिया था कि प्रशिक्षण ‘‘तभी फिर से शुरू होगा, जब हमें अन्य सुरक्षा उपायों पर पूरा भरोसा होगा।’’
यह कदम कंपनी द्वारा ऐसे उदाहरण सामने रखे जाने के बाद उठाया गया, जिनमें एआई एजेंट ने अपने निर्देशों से आगे बढ़कर काम किया था। इनमें बिना अनुमति सरकारी वेबसाइट तक पहुंच बनाना भी शामिल था।
ओपनएआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सैम ऑल्टमैन भी उद्योग के अन्य प्रमुख दिग्गजों के साथ एआई विकास की गति धीमी करने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि कंपनियों के पास फिलहाल सबसे शक्तिशाली एआई प्रणालियों को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त सुरक्षा तंत्र नहीं हैं।
ऑल्टमैन मंगलवार को सैन फ्रांसिस्को में सॉफ्टवेयर विकासकर्ताओं के लिए आयोजित ओपनएआई के वार्षिक सम्मेलन को संबोधित करेंगे। वहीं, ओपनएआई के अध्यक्ष ग्रेग ब्रॉकमैन के मंगलवार को अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।
एपी खारी मनीषा
मनीषा