पीलीभीत में रसोई गैस के लीक होने से घर में आग लगी, किशोरी की मौत
पीलीभीत में रसोई गैस के लीक होने से घर में आग लगी, किशोरी की मौत
पीलीभीत (उप्र), 11 सितंबर (भाषा) पीलीभीत जिले में गजरौला थाना क्षेत्र के बिहारीपुर गांव में कथित तौर पर रसोई गैस के रिसाव से आग लगने से एक किशोरी की मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, घटना बृहस्पतिवार शाम की है। हादसे में झुलसी किशोरी की जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
गजरौला थाना के प्रभारी ब्रजवीर सिंह ने पत्रकारों को बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने की बात कही, लेकिन परिजनों ने इससे इनकार कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, बिहारीपुर गांव निवासी मुनेंद्र पाल की बेटी अनुराधा (17) बृहस्पतिवार शाम घर की रसोई में थी और इसी दौरान गैस रेगुलेटर से अचानक रिसाव होने लगा और आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने अनुराधा को अपनी चपेट में ले लिया। चीख-पुकार सुनकर परिजन रसोई की ओर दौड़े और किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक अनुराधा बुरी तरह झुलस चुकी थी।
थाना प्रभारी ने बताया कि अनुराधा को पहले पूरनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखकर उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। लेकिन उसने जिला अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
भाषा सं आनन्द मनीषा संतोष
संतोष

Facebook


