बलिया में रंजिश के कारण सीआरपीएफ के पूर्व जवान की चाकू मारकर हत्या, भाई घायल

बलिया में रंजिश के कारण सीआरपीएफ के पूर्व जवान की चाकू मारकर हत्या, भाई घायल

बलिया में रंजिश के कारण सीआरपीएफ के पूर्व जवान की चाकू मारकर हत्या, भाई घायल
Modified Date: September 11, 2026 / 03:17 pm IST
Published Date: September 11, 2026 3:17 pm IST

बलिया (उप्र), 11 सितंबर (भाषा) बलिया जिले के उभांव थाना क्षेत्र में गाली-गलौज को लेकर हुए झगड़े के बाद कथित तौर पर पांच लोगों ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक पूर्व जवान की चाकू मारकर हत्या कर दी और उसके भाई को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, यह घटना बृहस्पतिवार रात करीब 8.30 बजे उभावं थाना इलाके के सोनाडीह (दोथ) गांव में हुई। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान अमरेश बहादुर सिंह (45) के रूप में हुई है, जबकि उसके घायल भाई मंजेश (35) का उपचार चल रहा है।

दर्ज प्राथमिकी के हवाले से पुलिस ने बताया कि सेना के पूर्व जवान अमरेश बहादुर सिंह घर से लगभग 100 मीटर दूर स्थित अपने डेयरी फार्म पर थे, तभी उनसे रंजिश रखने वाले उनके पांच पट्टीदार लाठी, चाकू और अन्य हथियारों के साथ वहां पहुंचे और उनसे फाटक खोलने को कहा।

जब सिंह को फाटक खोलने में कुछ समय लगा, तो आरोपियों ने कथित तौर पर उन्हें गालियां दीं। जब उन्होंने गाली देने का कारण पूछा तो आरोपियों ने उनपर हमला कर दिया और मारपीट की, जिसके बाद उन्होंने शोर मचाया।

हंगामा सुनकर सिंह के भाई मंजेश सिंह और उनकी दो बेटियां (रितिका और कृतिका) मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने कथित तौर पर अमरेश और मंजेश पर चाकू से हमला किया और दोनों महिलाओं के साथ भी मारपीट की।

घायल भाइयों को सीयर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया और बाद में मऊ रेफर कर दिया गया। मऊ में चिकित्सकों ने अमरेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि मंजेश को गंभीर हालत में वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया।

घटना के बाद बलिया के पुलिस अधीक्षक (एसपी) ओमवीर सिंह, एएसपी दिनेश कुमार शुक्ला, सीओ रजनीश और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

रितिका सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। एसपी ओमवीर सिंह ने बताया कि तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी दो आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की तीन टीम बनाई गई हैं। मामले की जांच जारी है।

भाषा सं आनन्द

मनीषा संतोष

संतोष


लेखक के बारे में