कांग्रेस की गलतियों के कारण देश का विभाजन हुआ: योगी आदित्यनाथ

Ads

कांग्रेस की गलतियों के कारण देश का विभाजन हुआ: योगी आदित्यनाथ

  •  
  • Publish Date - June 29, 2026 / 02:54 PM IST,
    Updated On - June 29, 2026 / 02:54 PM IST

पीलीभीत (उप्र), 29 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला करते हुए सोमवार को कहा कि देश का विभाजन कांग्रेस की गलतियों का परिणाम था और यदि उस समय नेतृत्व दृढ़ रहता तो विभाजन टाला जा सकता था।

पीलीभीत में 569 करोड़ रुपये की लागत वाली 63 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास तथा नागरिकता प्रमाणपत्र वितरण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज से 56 वर्ष पहले बांग्लादेश से निकाले गए प्रताड़ित हिंदू, बौद्ध, जैन और सिख समुदाय के लोगों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण के अनुरूप नागरिकता और पुनर्वास की सुविधा मिल रही है, जिसके लिए सभी को बधाई।

उन्होंने कहा कि यह उनके लिए पुनर्जीवन जैसा है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘कांग्रेस के पाप के कारण बांग्लादेश बना। बांग्लादेश और पाकिस्तान का बनना आवश्यक नहीं था।’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘पाकिस्तान का निर्माण सत्तालोलुपता का परिणाम था और यदि उस समय कांग्रेस का नेतृत्व अडिग रहता तो मोहम्मद अली जिन्ना सफल नहीं हो पाते और भारत का विभाजन नहीं होता।’’

योगी ने कहा कि यदि विभाजन नहीं हुआ होता तो इन गरीबों, बंगाली परिवारों को विस्थापित नहीं होना पड़ता।

उन्होंने कहा कि भविष्य में किसी हिंदू को विस्थापित न होना पड़े, इसके लिए उत्तर प्रदेश रक्षा विनिर्माण गलियारे (डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर) में ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण भी किया जा रहा है।

समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘उसके शासनकाल में अपराध और अराजकता को बढ़ावा मिला, जबकि वर्तमान सरकार रक्षा उत्पादन और विकास को आगे बढ़ा रही है।’’

योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया, ‘‘उनके (सपा) शासन में पूरा विकास सिर्फ सैफई तक सीमित था।’’

योगी ने उन पर आतंकवादियों को संरक्षण देने का भी आरोप लगाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब माफिया गले में तख्ती लगाए घूम रहा है कि मुझे शरण में ले लो।

उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में ‘‘नो कर्फ्यू, नो दंगा, सब कुछ चंगा’’ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विभाजन के दौरान लाखों हिंदुओं की हत्या हुई और लाखों लोगों को अपनी पैतृक भूमि छोड़नी पड़ी।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने वर्षों तक इन विस्थापित परिवारों की सुध नहीं ली और केवल तुष्टीकरण की राजनीति करती रहीं।

उन्होंने कहा, ‘‘दिल्‍ली और देश के विभिन्‍न राज्‍यों में कांग्रेस और सपा ने आंदोलन किया था कि इनको (नागरिकता) प्रमाणपत्र नहीं मिलना चाहिए। इनका उद्देश्‍य ही क्‍या है कि देश के संसाधन पर पहला अधिकार मुसलमान का होना चाहिए, यही तो इनकी कुत्सित चेष्टा थी, यही तो इनकी तुष्टीकरण की नीति थी और यही पाप ये जिंदगी भर करते रहे और उस पाप का खामियाजा हिंदू भुगतता रहा।’’

योगी ने नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में विस्थापित हिंदू, जैन, बौद्ध और सिख समुदाय के लोगों को नागरिकता देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया।

उन्होंने कहा कि नागरिकता प्रमाण पत्र मिलने के बाद अब कोई भी इन लोगों को भारत से बाहर नहीं निकाल सकता और न ही उन्हें पराया कह सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब इन विस्थापित परिवारों को अपनी आने वाली पीढ़ियों के सपनों को संवारने और सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार मिल गया है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि उन्हें अब किसी प्रकार की प्रशासनिक प्रताड़ना का सामना नहीं करना पड़ेगा।

भाषा आनन्‍द वैभव खारी

खारी