पीलीभीत (उप्र), सात सितंबर (भाषा) पीलीभीत जिले में पंजाब एंड सिंध बैंक के एक वरिष्ठ अधिकारी को ग्राहकों के बैंक खातों से करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी के आरोप में सुनगढ़ी थाना पुलिस और अपराध शाखा ने संयुक्त कार्रवाई कर सोमवार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि बैंक अधिकारी पर जनता की कमाई के गबन का आरोप है।
सुनगढ़ी के थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) नरेश त्यागी ने बताया कि पुलिस ने सूचना के आधार पर सोमवार शाम पांच बजे आरोपी राधेश्याम प्रभाकर को गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस गबन में बैंक के अन्य कर्मचारियों की भूमिका को लेकर भी जांच जारी है।
सुनगढ़ी थाना पुलिस के अनुसार इस प्रकरण की शुरुआत गत दो मई 2026 को हुई थी। कोतवाली थाना क्षेत्र की केजीएन-2 कॉलोनी निवासी मोहम्मद जीशान और उनकी पत्नी इरम खां ने पुलिस में दर्ज शिकायत में आरोप लगाया था कि उनके बैंक खातों से 38 अलग-अलग चेक का गलत इस्तेमाल कर सात करोड़ 82 लाख 15 हजार रुपये उनकी जानकारी के बिना निकाले गए थे। सुनगढ़ी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस जांच में सामने आया कि कुल गबन की रकम आठ करोड़ 52 लाख 15 हजार रुपये है। इस मामले का मुख्य आरोपी राधेश्याम प्रभाकर है। वह पहले पीलीभीत मुख्य शाखा में प्रबंधक था और अब नयी दिल्ली में मुख्य प्रबंधक के पद पर कार्यरत है।
भाषा सं आनन्द सुरभि
सुरभि