उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा आठ से 10 जून तक होगी

उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा आठ से 10 जून तक होगी

उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा आठ से 10 जून तक होगी
Modified Date: February 3, 2026 / 10:25 pm IST
Published Date: February 3, 2026 10:25 pm IST

लखनऊ, तीन फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश सरकार ने आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष के 32 हजार से अधिक पदों पर सीधी भर्ती-2025 के तहत होने वाली लिखित परीक्षा की तारीखें घोषित कर दी हैं।

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से मंगलवार को जारी सूचना के अनुसार सिपाही भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा आठ, नौ और 10 जून को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा तीनों दिनों में दो-दो पालियों में करायी जाएगी। इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से कुल 32,679 पदों को भरा जाएगा।

बोर्ड के मुताबिक सिपाही भर्ती परीक्षा से संबंधित अन्य जानकारी जैसे परीक्षा केंद्र, प्रवेश पत्र एवं दिशा-निर्देश उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जायेंगी।

अभ्यर्थियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री के निर्देश पर पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर प्रस्तावित सीधी भर्ती-2025 के लिए अधिकतम आयु सीमा में एकमुश्त तीन वर्ष की रियायत दी गयी है। सरकार द्वारा यह निर्णय उत्तर प्रदेश लोक सेवा (भर्ती के लिए आयु सीमा का शिथिलीकरण) नियमावली-1992 के नियम-3 के आलोक में लिया गया।

यह फैसला 31 दिसंबर 2025 को जारी भर्ती विज्ञप्ति के सिलसिले में इसी साल पांच जनवरी को जारी शासनादेश के माध्यम से लागू किया गया, जिससे बड़ी संख्या में ऐसे अभ्यर्थियों को अवसर मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ जो आयु सीमा के कारण अब तक भर्ती प्रक्रिया से बाहर हो रहे थे।

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने 2024 में आरक्षी के कुल 60,244 पदों पर भर्तियां की थीं। यह उत्तर प्रदेश सरकार की अब तक की सबसे बड़ी भर्ती थी।

भाषा सलीम राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में