उप्र: सहारनपुर में मौत के 84 दिन बाद पोस्टमार्टम के लिए महिला का शव निकाला गया
उप्र: सहारनपुर में मौत के 84 दिन बाद पोस्टमार्टम के लिए महिला का शव निकाला गया
सहारनपुर, 18 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में 33 वर्षीय एक विवाहित महिला की मौत के करीब 84 दिन बाद मंगलवार को उसके शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि महिला के परिजनों ने उसकी हत्या किए जाने का आरोप लगाया, जिसके बाद शव को कब्र से निकाला गया।
पुलिस के मुताबिक, उपजिलाधिकारी (सदर) सुबोध कुमार, फोरेंसिक टीम और मृतका के परिजनों की मौजूदगी में शमा परवीन का शव पाथेर क्षेत्र के बरथा कायस्थ गांव स्थित कब्रिस्तान से बाहर निकाला गया।
चिलकाना थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि शमा की मौत 26 मई की रात बरथा कायस्थ गांव में हुई थी और उस समय ससुराल पक्ष ने उसकी मौत का कारण दिल का दौरा बताया था।
उन्होंने बताया कि अगले दिन शमा के शव को पाथेर स्थित कब्रिस्तान में दफना दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 28 मई को शमा की मौत की सूचना मिलने के बाद उसके परिजनों ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष ने उसकी हत्या कर शव को दफना दिया।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद उपनिरीक्षक रवि कुमार के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया कि शमा की मौत 26 मई की रात करीब नौ बजे हुई थी और उस समय उसके मायके वालों ने कोई आपत्ति नहीं जताई थी तथा ससुराल वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी नहीं की थी।
बाद में शमा के भाई मोहम्मद इसरार ने अपनी बहन की मौत की परिस्थितियों पर संदेह जताते हुए अदालत का रुख किया।
थाना प्रभारी ने बताया कि मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश के बाद आठ जुलाई को चिलकाना थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच फिर से शुरू की और मौत की परिस्थितियों व जांच में सामने आए अन्य तथ्यों की समीक्षा के बाद शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू की गई।
पुलिस ने बताया कि अगर पोस्टमार्टम में चोटों या किसी अन्य महत्वपूर्ण तथ्य का पता चलता है तो उसके आधार पर जांच व कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं जफर जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


