उप्र में बिजली की महाआपूर्ति हो रही, किसी राज्य ने नहीं की इतनी आपूर्ति : ऊर्जा मंत्री

उप्र में बिजली की महाआपूर्ति हो रही, किसी राज्य ने नहीं की इतनी आपूर्ति : ऊर्जा मंत्री

उप्र में बिजली की महाआपूर्ति हो रही, किसी राज्य ने नहीं की इतनी आपूर्ति : ऊर्जा मंत्री
Modified Date: May 25, 2026 / 03:14 pm IST
Published Date: May 25, 2026 3:14 pm IST

लखनऊ, 25 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने विपक्षी दलों की तीखी आलोचना के बीच सोमवार को दावा किया कि राज्य में बिजली की महाआपूर्ति हो रही है।

ऊर्जा मंत्री ने सोमवार को अपने आधिकारिक “एक्स” हैंडल से एक पोस्ट में कहा “यूपी में हो रही बिजली की महाआपूर्ति… 31,804 मेगावाट की पीक सप्लाई थी कल (रविवार) रात 22:39 बजे।”

उन्होंने पोस्ट में यह भी दावा किया “उत्तर प्रदेश ही नहीं देश में किसी राज्य ने नहीं किया इतनी आपूर्ति। यह प्रदेश और देश में अब तक की सर्वाधिक है।”

शर्मा ने आगे कहा “साथ ही प्रस्थापित रोस्टर को भूलकर

सर्वत्र 24 घंटे दी गई बिजली। ग्रामीण इलाकों में भी 22-साढ़े 22 घंटे दी गई बिजली।”

उन्होंने आलोचना करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा “यूपी की बिजली पर सुपारी लेकर घूमने वालों को यह भी बता दें कि तकनीकी/प्राकृतिक या मानवजनित कारणों से आ रहे स्थानिक व्यवधानों को हल करने के लिए हमारे विद्युतकर्मी दिन-रात निष्ठापूर्वक लगे हुए हैं। उनका हौसला बढ़ायें। सबका संयम और सहयोग प्रार्थनीय है।”

बिजली व्यवस्था पर सोमवार को एक्स पर एक पोस्ट में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में ‘महा विद्युत आपदा’ से जनता का आक्रोश बढ़ रहा है। इससे बचने के लिए भाजपाई नेता दिखावटी चिट्ठियां लिखकर ‘काग़ज़ी कवच’ से खुद को बचा रहे हैं।

अखिलेश ने नौकरशाह से राजनीतिज्ञ बने ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा का बिना नाम लिए तंज कसते हुए पोस्ट में आगे कहा, ‘कभी आपदा में अवसर ढूंढने वालों ने अवसर की जगह जिस ‘अफसर’ को ढूंढा था, वो अफसर अब स्वयं आपदा साबित हो रहा है। समस्या का समाधान पूछने पर दोनों हाथ खड़े करके नारा लगाकर बच निकलने वालों के रहते समस्या नहीं सुलझेगी।’

अखिलेश ने कहा कि यह बड़ा मौका है कि पूरी तरह नाकाम हो चुके किसी ‘दूत-मंत्री’ को हटा दिया जाए।

इसके पहले रविवार को ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने एक्स पर एक पोस्ट में दावा किया था “कोई माने या न माने…हम उत्तर प्रदेश के इतिहास की सबसे ज़्यादा विद्युत आपूर्ति कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा था कि “आज सुबह (रविवार) 2.33 बजे उत्तर प्रदेश की पीक आपूर्ति 31000 मेगावाट पार कर गई। अभी रात 10.01 बजे पिछला सारा रिकॉर्ड तोड़ते हुए हमारी पीक आपूर्ति 31774 मेगावाट पहुंच चुकी है। आज रात ही 32000 मेगावाट पहुंच सकती है। सच मानिए यह प्रदेश के इतिहास में सर्वाधिक है।”

शर्मा ने कहा था कि “देश में भी सर्वाधिक है। हमने अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ा है। हमारी प्रतिस्पर्धा स्वयं से ही है। हर हर महादेव।”

भाषा आनन्द मनीषा रंजन

रंजन


लेखक के बारे में