गोरखपुर में धर्मेंद्र प्रधान का पुतला जलाने का प्रयास, सीजेपी के तीन ‘सदस्य’ हिरासत में
गोरखपुर में धर्मेंद्र प्रधान का पुतला जलाने का प्रयास, सीजेपी के तीन ‘सदस्य’ हिरासत में
गोरखपुर (उप्र), छह जून (भाषा) गोरखपुर के छावनी क्षेत्र में एक विरोध प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला जलाने के प्रयास को पुलिस द्वारा विफल करने के बाद शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सदस्य होने का दावा करने वाले तीन लोगों को हिरासत में लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शन कैंट थाना क्षेत्र के इंदिरा बाल विहार परिसर में किया गया।
पुलिस के मुताबिक, लोगों का एक समूह पूर्वाह्न करीब 11 बजे बैनर और तख्तियां लेकर इकट्ठा हुआ और केंद्रीय मंत्री के खिलाफ नारे लगाये। पुलिस ने कहा कि प्रदर्शनकारियों ने विरोध स्वरूप प्रधान का पुतला जलाने की कथित तौर पर तैयारी शुरू कर दी।
थाना प्रभारी (कैंट) संजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पुतले को आग लगाने से पहले हस्तक्षेप किया।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने पुतला जब्त कर लिया और प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर कर दिया। उन्होंने बताया कि तीन प्रदर्शनकारियों – रजत चौधरी, मोहम्मद अफजल और अंकित कुमार को हिरासत में ले लिया गया और पुलिस थाने ले जाया गया, जबकि कई अन्य लोग पुलिस कार्रवाई के दौरान कार्यक्रम स्थल से चले गए।
अधिकारियों ने कहा कि बिना पूर्व अनुमति के सार्वजनिक विरोध प्रदर्शन का आयोजन करना और पुतला जलाने का प्रयास स्थापित नियमों का उल्लंघन है।
पुलिस ने कहा कि हिरासत में लिए गए व्यक्तियों के खिलाफ शांति भंग करने से संबंधित निवारक प्रावधानों के तहत कार्यवाही शुरू की गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
सीजेपी युवाओं के नेतृत्व वाली एक ऑनलाइन मुहिम है जो राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट), केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई), सामान्य विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (सीयूईटी) और कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) सहित विभिन्न परीक्षाओं और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के लिए जवाबदेही की मांग कर रहा है। भाषा सं जफर अमित
अमित

Facebook


