हाथरस में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलटने से तीन लोगों की मौत, चार अन्य घायल

Ads

हाथरस में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलटने से तीन लोगों की मौत, चार अन्य घायल

  •  
  • Publish Date - August 16, 2026 / 02:33 PM IST,
    Updated On - August 16, 2026 / 02:33 PM IST

हाथरस (उप्र) 16 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सिकंदराराऊ थाना कोतवाली क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट जाने से तीन लोगों की मौत हो गई और एक बच्चे सहित चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र में एटा हाईवे पर गांव उमरावपुर के पास शनिवार-रविवार की दरमियानी रात नोएडा से उन्नाव जा रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई।

पुलिस के अनुसार, नोएडा के एकमूर्ति से सात लोग कार में सवार होकर उन्नाव जा रहे थे। कार रामजी (26) चला रहा था जो हरदोई जिले का रहने वाला था। इसके अलावा अवधेश (62), जगतपाल (50), राजीव कुमार (33) और उनकी पत्नी गोल्डी (30), बेटा नक्श (ढाई वर्ष) और माया (35) थीं।

उन्होंने बताया कि कार जब सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव उमरावपुर के पास एटा राजमार्ग पर पहुंची, तभी तेज रफ्तार होने के कारण वह अनियंत्रित होकर पलट गई।

उन्होंने बताया कि हादसे में रामजी, अवधेश और जगतपाल की मौत हो गई। वहीं राजीव कुमार, गोल्डी, उनके बेटे नक्श और माया घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सिकंदराराऊ के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चारों घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

भाषा सं आनन्द रंजन

रंजन