उप्र: हाथरस में स्टेशनरी कारोबारी के घर-दुकान से सिक्कों का जखीरा बरामद

Ads

उप्र: हाथरस में स्टेशनरी कारोबारी के घर-दुकान से सिक्कों का जखीरा बरामद

  •  
  • Publish Date - August 1, 2026 / 11:09 PM IST,
    Updated On - August 1, 2026 / 11:09 PM IST

हाथरस, एक अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के हाथरस में जिला प्रशासन ने छापेमारी कर एक स्टेशनरी व्यवसायी के घर और दुकान से एक से 10 रुपये तक के सिक्कों का बड़ा जखीरा बरामद किया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

प्रशासन ने इसे अवैध कारोबार बताया।

अधिकारियों के अनुसार, सदर कोतवाली क्षेत्र के नयागंज निवासी नवीन कुमार स्टेशनरी का कारोबार करते हैं।

उन्होंने बताया कि प्रशासन को सूचना मिली थी कि उनके मकान में बड़ी मात्रा में सिक्के रखे हुए हैं।

उपजिलाधिकारी (एसडीएम) राजबहादुर सिंह के नेतृत्व में टीम ने व्यवसायी की दुकान और मकान पर छापेमारी की तथा दोनों जगहों से 70 से 80 कट्टों में भरे नए और पुराने सिक्के बरामद किये।

छापेमारी के दौरान नवीन कुमार मौके पर मौजूद नहीं थे।

मौके पर मौजूद उनके रिश्तेदार दिलीप कुमार ने बताया कि उनके पास तीन से चार लाख रुपये के सिक्के थे और वह उन्हें तीन से चार प्रतिशत कमीशन पर बेचते हैं।

उन्होंने बताया कि उनका चालक 500 और 1,000 रुपये के सिक्कों के पैकेट दिल्ली के मेट्रो स्टेशन और रेलवे स्टेशन जैसे स्थानों पर पहुंचाता था।

दिलीप कुमार ने दावा किया कि ये सिक्के भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) से लिए जाते हैं।

एसडीएम राजबहादुर सिंह ने बताया कि इतनी बड़ी मात्रा में सिक्कों का व्यापार प्रतिबंधित है और यह अपराध की श्रेणी में आता है।

उन्होंने बताया कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि सिक्के किस माध्यम से प्राप्त किए गए थे।

अधिकारी ने बताया कि अगर सिक्के नकली पाए गए तो और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि फिलहाल सभी सिक्कों को ‘करेंसी चेस्ट’ में रखवाया जा रहा है और जांच पूरी होने के बाद ही सिक्कों की कुल कीमत और इस कारोबार के पूरे नेटवर्क का पता चल सकेगा।

भाषा सं आनन्द जितेंद्र

जितेंद्र