शाहजहांपुर, 17 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में रविवार दोपहर डंपर और ऑटो की आमने-सामने की टक्कर में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई, तथा चार अन्य घायल हो गए। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने बताया कि जलालाबाद की ओर से आ रहे डंपर की सामने से आ रहे ऑटो से जोरदार टक्कर हो गई। उन्होंने कहा कि टक्कर इतनी भीषण थी कि दो महिलाओं रामक्षत्रिय (28) और 40 वर्षीय एक अज्ञात महिला तथा कल्लू (45) की मौके पर ही मौत हो गई।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने घायल हुए चार लोगों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार, पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश कर रही है।
भाषा सं आनन्द नेत्रपाल
नेत्रपाल