बलिया में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में तीन लोगों की मौत
बलिया में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में तीन लोगों की मौत
बलिया (उप्र), दो जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में अलग-अलग स्थानों पर आकाशीय बिजली की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
पुलिस ने बताया कि पहली घटना बुधवार को गड़वार थाना क्षेत्र के धर्मनपुर गांव में हुई, जहां मुख्तार राम (55) और उसका भाई अवधेश (45) खेत में काम कर रहे थे।
पुलिस ने बताया कि आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दोनों भाई गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें रतसर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मुख्तार को मृत घोषित कर दिया जबकि अवधेश का उपचार जारी है।
गड़वार थाना प्रभारी हितेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।
पुलिस ने बताया कि एक अन्य घटना में, सराया गांव में धान के खेत में काम कर रहा किसान गंगा सागर साहनी (45) आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया। उसने बताया कि साहनी को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि तीसरी घटना चोगड़ा गांव के एक ईंट भट्ठे पर हुई।
उसने बताया कि ईंट भट्ठे पर काम करने वाला अशोक कन्नौजिया (60) एक अस्थायी शेड में आराम कर रहा था तभी बिजली गिर गई और उसकी चपेट में आने से वह झुलस गया।
कन्नौजिया के साथी मजदूर उसे नगरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है।
भाषा सं जफर
वैभव सिम्मी
सिम्मी

Facebook


