पीलीभीत बाघ अभयारण्य की सड़क पर तीन बाघ एक-साथ दिखे, वीडियो वायरल
पीलीभीत बाघ अभयारण्य की सड़क पर तीन बाघ एक-साथ दिखे, वीडियो वायरल
पीलीभीत (उप्र), 28 अप्रैल (भाषा) पीलीभीत जिले में सोमवार शाम को तीन बाघों को पीलीभीत बाघ अभयारण्य (पीटीआर) के मध्य से गुजरने वाली मुख्य सड़क पर एक साथ घूमते देखा गया। वन विभाग के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
सफारी पर गए पर्यटकों ने इस मनमोहक दृश्य को अपने कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया और यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
घटना की पुष्टि करते हुए, पीटीआर के उप निदेशक मनीष सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि बाघों की निगरानी के लिए कर्मचारियों को तैनात किया गया है।
अधिकारी के मुताबिक, जंगल में यह खूबसूरत नजारा सोमवार शाम को नजर आया जब पर्यटक सफारी गाड़ियों से जंगल का भ्रमण कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अचानक तीन बाघ जंगल से निकलकर सड़क पर आ गए और इस मनमोहक दृश्य को पर्यटकों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया।
वन अधिकारी ने बताया कि वायरल वीडियो के बाद पीलीभीत टाइगर रिजर्व प्रशासन सतर्क हो गया है ।
विभाग ने वन्य जीवों और मनुष्यों के बीच किसी भी संभावित संघर्ष को रोकने के लिए आवश्यक उपाय किए हैं।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) भारत में एक प्रमुख बाघ अभयारण्य है, जो उत्तर प्रदेश के पीलीभीत और शाहजहांपुर जिलों में फैला हुआ है। इसे 2014 में उप्र सरकार द्वारा बाघ अभयारण्य घोषित किया गया था।
पीटीआर लगभग 730 वर्ग किलोमीटर के क्षेत्र में फैला है। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित होने के कारण इसका विशेष महत्व है।
बेहद कम समय में बाघों की आबादी को सफलतापूर्वक दोगुना करने के लिए पीलीभीत बाघ अभयारण्य को प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय ‘टीएक्स2 अवार्ड’ से सम्मानित किया गया है।
सिंह ने कहा कि इस तरह से सड़क पर बाघों का दिखना इस बात का सबूत है कि पीलीभीत बाघ अभयारण्य में बाघों की आबादी न केवल बढ़ रही है, बल्कि वे अपने प्राकृतिक आवास में पूरी तरह से सुरक्षित भी महसूस करते हैं।
भाषा सं जफर
संतोष
संतोष

Facebook


