वाराणसी में दुकान से 10 हजार रुपये के अंतर्वस्त्र चोरी, तीन महिलाओं पर मामला दर्ज
वाराणसी में दुकान से 10 हजार रुपये के अंतर्वस्त्र चोरी, तीन महिलाओं पर मामला दर्ज
वाराणसी (उप्र), 27 फरवरी (भाषा) वाराणसी के चेतगंज इलाके में एक दुकान से कथित तौर पर 10,000 रुपये के अंतर्वस्त्र चोरी किए जाने के मामले में पुलिस ने तीन महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
चेतगंज थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि दुकान के मालिक सुदीप सिंह ने शिकायत में आरोप लगाया है कि 24 फरवरी की शाम तीन महिलाएं उनकी दुकान में आईं।
उन्होंने शिकायत के हवाले से कहा, “जब ‘सेल्सगर्ल’ (दुकान की कर्मचारी) सामान लाने के लिए अंदर गई, तब महिलाओं ने कथित रूप से करीब 10,000 रुपये के अंतर्वस्त्र अपने बैग में रख लिए।”
थाना प्रभारी ने कहा, “सामान के सत्यापन के दौरान सिंह को चोरी का पता चला। इसके बाद उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई।”
पुलिस के अनुसार, दुकानदार ने घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सौंपी है। जांच के दौरान आरोपी महिलाओं में से एक की पहचान एक व्यापारी संघ की पूर्व अध्यक्ष के रूप में हुई है।
पुलिस ने कहा कि मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
घटना का कथित वीडियो सार्वजनिक होने के बाद आरोपी महिलाओं में से एक सुनीता सोनी ने अपने बचाव में बयान जारी किया।
महिला ने कहा कि वह बाजार गई थी और उनके साथ आई महिलाएं जौनपुर से थीं।
सुनीता ने दावा किया कि दुकान पर कुछ सामान उपलब्ध नहीं था और उसने एक सप्ताह बाद सामान लेने के लिए अपना मोबाइल नंबर भी दुकानदार को दिया था।
उन्होंने कहा, “मुझे नहीं पता कि मेरे साथ आई महिलाएं दुकान से क्या लिया होगा। मैं दुकान मालिक और पुलिस प्रशासन का पूरा सहयोग करूंगी।”
भाषा सं जफर मनीषा खारी
खारी

Facebook


