दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर नाइट्रोजन गैस टैंकर से रिसाव के कारण यातायात कुछ देर के लिए प्रभावित
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर नाइट्रोजन गैस टैंकर से रिसाव के कारण यातायात कुछ देर के लिए प्रभावित
सहारनपुर (उप्र), 24 अप्रैल (भाषा) सहारनपुर जिले में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को नाइट्रोजन गैस ले जा रहे एक टैंकर और एक ट्रक की आपस में टक्कर के बाद गैस रिसाव होने के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र में हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि टैंकर में दरार आ गई, जबकि टक्कर मारने वाले ट्रक के चालक को भी चोटें आईं।
उन्होंने बताया कि सहारनपुर और देहरादून से अग्निशमन दल तथा गैस कंपनी की एक बचाव टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
कुमार ने बताया कि इलाके की घेराबंदी कर विशेषज्ञों की देखरेख में पहले रिसाव को नियंत्रित किया गया, फिर गैस को सावधानीपूर्वक दूसरे टैंकर में स्थानांतरित किया गया।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी स्थिति पर नजर रखने के लिए मौके पर मौजूद रहे, जबकि एहतियातन कुछ समय के लिए यातायात को दूसरे रास्ते पर मोड़ दिया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने टक्कर के लिए जिम्मेदार ट्रक चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस ने बताया कि घायल चालक का इलाज किया जा रहा है और जांच जारी है।
भाषा सं आनन्द खारी
खारी

Facebook


