त्रिपुरा के डीजीपी अनुराग धनखड़ का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार, बेटे ने दी मुखाग्नि

Ads

त्रिपुरा के डीजीपी अनुराग धनखड़ का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार, बेटे ने दी मुखाग्नि

  •  
  • Publish Date - July 22, 2026 / 03:32 PM IST,
    Updated On - July 22, 2026 / 03:32 PM IST

बागपत(उप्र) 22 जुलाई (भाषा) त्रिपुरा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अनुराग धनखड़ का बुधवार को उनके पैतृक नगर बड़ौत में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनके पुत्र अभिषेक ने उन्हें मुखाग्नि दी।

अंतिम संस्कार से पहले करीब एक किलोमीटर लंबी अंतिम यात्रा निकाली गई, जिसमें पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय निवासियों समेत सैंकड़ों लोग शामिल हुए।

धनखड़ का अंतिम संस्कार दिल्ली-सहारनपुर राजमार्ग पर बावली चुंगी के निकट स्थित श्मशान घाट पर किया गया। इस दौरान पुलिस ने उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ देकर अंतिम विदाई दी।

मूल रूप से बागपत जिले के बिहारीपुर गांव के निवासी धनखड़ का पार्थिव शरीर मंगलवार देर रात करीब 12 बजे बड़ौत के गांधी रोड स्थित उनके आवास पर लाया गया था। बुधवार सुबह से ही उनके अंतिम दर्शन के लिए लोगों का तांता लगा रहा। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों ने उनके आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

उत्तर प्रदेश के समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं पूर्व आईपीएस अधिकारी असीम अरुण भी अंतिम संस्कार के समय मौजूद रहे।

उन्होंने दिवंगत अधिकारी को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की।

असीम अरुण और अनुराग धनखड़ 1994 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी थे। दोनों ने मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी और हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में साथ प्रशिक्षण प्राप्त किया था। दोनों संयुक्त राष्ट्र के कोसोवो मिशन में भी साथ कार्य कर चुके थे।

असीम अरुण ने अपने सहपाठी और करीबी मित्र को याद करते हुए उनके साथ बिताए दिनों की स्मृतियां साझा कीं और दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की।

उल्लेखनीय है कि अनुराग धनखड़ का 20 जुलाई को अगरतला स्थित त्रिपुरा पुलिस मुख्यालय में निधन हो गया था।

अधिकारियों के अनुसार, उन्होंने कथित रूप से आत्महत्या की थी।

मामले की जांच की जा रही है।

भाषा सं जफर

जोहेब

जोहेब