बलिया (उप्र), पांच जून (भाषा) बलिया जिले के रसड़ा कोतवाली क्षेत्र में दो किशोरी सगी बहनों के कथित रूप से अपहरण के मामले में पुलिस ने गाजीपुर जिले के एक युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली दो सगी बहनों का गाजीपुर जिले के यूसुफपुर थाना क्षेत्र के श्याम निषाद नामक युवक ने 29 मई को दोपहर में अपहरण कर लिया। दोनों बहन 14 व 16 वर्ष आयु की हैं।
रसड़ा के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) आलोक गुप्ता ने शुक्रवार को बताया कि परिजनों ने अपने स्तर पर दोनों को काफी तलाश किया, लेकिन जब कुछ पता नहीं चला तो किशोरी की मां ने बृहस्पतिवार को थाना पर तहरीर दी।
गुप्ता ने बताया कि तहरीर के आधार पर पर श्याम के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों किशोरियों को मुक्त कराने और आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।
भाषा सं आनन्द मनीषा
मनीषा