बलिया (उप्र), छह मार्च (भाषा) बलिया जिले के बांसडीह थानाक्षेत्र में एक मंदबुद्धि विवाहिता को कथित रूप से अगवा करके शील भंग करने के इरादे से हमला करने के दो आरोपियों को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार बांसडीह थानाक्षेत्र के एक गांव के रहने वाले एक व्यक्ति की तहरीर पर बृहस्पतिवार को सहतवार थानाक्षेत्र के एक गांव के दो भाइयों संतोष कुमार ठाकुर उर्फ मुन्ना ठाकुर व राजेश कुमार ठाकुर उर्फ गुड्डू ठाकुर के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 87, 74 व 115(2) में नामजद मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने दर्ज प्राथमिकी का हवाला देते हुए बताया कि तहरीर में आरोप लगाया गया है कि वादी की मंदबुद्धि पत्नी गत 27 फरवरी की रात्रि को किसी को बिना बताये घर से निकल गयी थी, रास्ते में संतोष कुमार ठाकुर उर्फ मुन्ना ठाकुर (48) व राजेश कुमार ठाकुर उर्फ गुड्डू ठाकुर (43) उसे जबरदस्ती मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले गये और एक जगह उसके साथ जोर-जबरदस्ती किया। उन्होंने दर्ज प्राथमिकी का हवाला देते हुए बताया कि आरोपियों ने उसके विरोध करने पर उसे मारा-पीटा और वही छोड़कर भाग गये।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) ओमवीर सिंह ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस ने शुक्रवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करके विधिक कार्रवाई पूर्ण करते हुए उन्हें अदालत में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
भाषा सं आनन्द अमित
अमित