‘सपा में मुलायम के लोगों का सम्मान नहीं’ : दयाशंकर सिंह

Ads

'सपा में मुलायम के लोगों का सम्मान नहीं' : दयाशंकर सिंह

  •  
  • Publish Date - June 19, 2026 / 08:35 PM IST,
    Updated On - June 19, 2026 / 08:35 PM IST

बलिया (उप्र), 19 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने शुक्रवार को समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी में नेताजी मुलायम सिंह यादव के लोगों का सम्मान नहीं हो रहा है और पार्टी लगातार टूट रही है।

उन्होंने सपा के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) नारे की परिभाषा को उन्होंने ‘पाताल, धरती और आकाश’ करार दिया।

सिंह ने जिला मुख्यालय पर एक सरकारी कार्यक्रम से इतर पत्रकारों से कहा कि ‘सपा लगातार टूट रही है। जो लोग नेताजी मुलायम सिंह यादव के साथ काम करते थे, वे एक-एक कर पार्टी छोड़ गए। आज सपा में नेताजी के लोगों का सम्मान नहीं हो रहा है। धीरे-धीरे करके लोग जा रहे हैं।’

सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के सपा पर दिए बयान पर उन्होंने कहा, ‘नेताजी ने 2012 में चुनाव जिताकर ताज अखिलेश यादव को दिया था। 2012 के बाद से अखिलेश यादव लगातार चुनाव हार रहे हैं और वह पार्टी का बिखराव भी नहीं रोक पाए।’

सपा के पीडीए में ब्राह्मणों के स्थान पर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा, “अखिलेश यादव कई बार पीडीए की परिभाषा बदल चुके हैं। आने वाले वक्त में वह कहेंगे पाताल, धरती और आकाश। पीडीए कुछ नहीं है, पीडीए उनके घर में ही है।’

परिवहन राज्य मंत्री ने वाराणसी में युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा राहुल गांधी के परशुराम अवतार की तस्वीर लगाये जाने पर दावा किया, ”कोई भगवान के रूप में पेश नहीं हो सकता, भगवान परशुराम भगवान विष्णु के अवतार थे।”

उन्होंने सवाल उठाया कि राहुल गांधी ब्राह्मण हैं कि नहीं, पहले यह सिद्ध करें , तब परशुराम बनने की कोशिश करें।

भाषा सं आनन्द

राजकुमार

राजकुमार