गंडक नदी में नहाने गए दो बच्चे डूबे, एसडीआरएफ का तलाश अभियान जारी
गंडक नदी में नहाने गए दो बच्चे डूबे, एसडीआरएफ का तलाश अभियान जारी
कुशीनगर (उत्तर प्रदेश), 12 जून (भाषा) कुशीनगर जिले के बरवापट्टी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को बड़ी गंडक (नारायणी) नदी में नहाने गए पांच बच्चों में से दो तेज बहाव में बह गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, रामपुर बरहन ग्राम पंचायत के भवानीपुर टोला निवासी पांच बच्चे शुक्रवार सुबह घर से कुछ दूरी पर स्थित बड़ी गंडक (नारायणी) नदी में नहाने गए थे। स्नान के दौरान वे अचानक गहरे पानी में चले जाने से डूबने लगे।
उसने बताया कि तटबंध की मरम्मत में लगे मजदूरों ने बच्चों की चीख-पुकार सुनते ही नदी में छलांग लगा दी। उनकी तत्परता से तीन बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन दो बच्चे तेज बहाव में बह गए।
सूचना मिलते ही परिजन और बरवापट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय तैराकों और ग्रामीणों ने घंटों नदी में तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
पुलिस के मुताबिक, लापता बच्चों की पहचान भवानीपुर निवासी पवन (10) और शिवम (11) के रूप में हुई है। दोनों की तलाश जारी है।
थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम भी मौके पर पहुंच गई और ‘मोटर बोट’ की मदद से खोज अभियान शुरू कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि बच्चों की तलाश लगातार जारी है।
भाषा सं आनन्द खारी
खारी

Facebook


