बलिया में मुठभेड़ के बाद दो शातिर अपराधी गिरफ्तार, गोली लगने से एक बदमाश घायल
बलिया में मुठभेड़ के बाद दो शातिर अपराधी गिरफ्तार, गोली लगने से एक बदमाश घायल
बलिया (उप्र), 28 अगस्त (भाषा) बलिया जिले की भीमपुरा पुलिस ने मुठभेड़ के बाद बिहार निवासी दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान एक अपराधी पैर में गोली लगने से घायल हो गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला ने शुक्रवार को बताया कि भीमपुरा पुलिस बृहस्पतिवार रात करीब पौने बारह बजे गश्त पर थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने इब्राहिमपट्टी-उधरन मार्ग पर प्रेमरजा गांव के पास घेराबंदी की।
पुलिस को देखकर अपराधियों ने गोलियां चलाईं जिसके जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं। इस गोलीबारी में एक अपराधी घायल हो गया।
पुलिस ने मौके से अरविंद सोनी (42) को घायल अवस्था में और उसके गांव के ही पंकज सोनी (19) को गिरफ्तार किया। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), नगरा में भर्ती कराया गया है। दोनों बिहार के बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के पंचवीर गांव के निवासी थे।
पूछताछ में सामने आया कि दोनों गांव-गांव घूमकर महिलाओं के गहने और पुराने पीतल के बर्तन साफ करने के बहाने आभूषण चोरी करते थे।
पुलिस ने उनके पास से एक देसी तमंचा, कारतूस, चोरी के आभूषण, 15,600 रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।
भाषा सं आनन्द सुरभि
सुरभि

Facebook


