उप्रः मादक पदार्थो की तस्करी करने के आरोपी दो तस्कर गिरफ्तार
उप्रः मादक पदार्थो की तस्करी करने के आरोपी दो तस्कर गिरफ्तार
सहारनपुर, छह मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में पुलिस ने मादक पदार्थो की तस्करी करने वाले दो तस्करों को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से 504 ग्राम स्मैक बरामद की। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि जब्त की गयी स्मैक की अंतरराष्टीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी गंगोह अशोक सिसोदिया ने बताया कि आरोपियों की पहचान नकुड थाना क्षेत्र के नवाजपुर खेड़ा निवासी शमशाद और समयदीन के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि इन तस्करों को पांच मई की शाम को जांच अभियान के दौरान गिरफ्तार किया गया था।
सिसोदिया ने बताया कि नकुड थाने में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि शमशाद पहले से ही स्वापक औषधि एवं मनः प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के एक मामले में वांछित था जबकि दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास है।
पुलिस के मुताबिक, शमशाद पर एनडीपीएस अधिनियम के तहत नौ मुकदमे दर्ज हैं जबकि समयदीन पर नकुड़ थाने में तीन मुकदमे दर्ज हैं।
भाषा सं जफर जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


