जालौन में कार के नहर में गिरने से दो की मौत
जालौन में कार के नहर में गिरने से दो की मौत
जालौन (उप्र), चार फरवरी (भाषा) जिले में कोट्रा-ऐट मार्ग पर बुधवार को एक मोटरसाइकिल को टक्कर मारने के बाद भागने की कोशिश में कार नहर में गिर गई, जिससे दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
कोटरा थाने के प्रभारी विमलेश कुमार ने बताया कि यह घटना सुबह करीब 11:30 बजे करथारा मोड़ के पास हुई।
उन्होंने बताया कि पच्छीपुरा गांव के रहने वाले जितेंद्र (50) और इंद्रपाल (55) किसी काम से कोटरा आए थे और वापस लौट रहे थे, तभी उनकी कार की एक मोटरसाइकिल से टक्कर हो गई।
अधिकारी ने बताया कि टक्कर में मोटरसाइकिल सवार घायल हो गया, जबकि कार में सवार लोगों ने कथित तौर पर तेज रफ्तार से भागने की कोशिश की, जिससे चालक गाड़ी से नियंत्रण खो बैठा और कार एक गहरी नहर में गिर गई।
उन्होंने बताया कि आस-पास के खेतों में काम कर रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद एक टीम मौके पर पहुंची और दोनों लोगों को नहर से बाहर निकाला। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं जफर नोमान
नोमान

Facebook


