आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बस और ट्रक की टक्कर, दो लोगों की मौत

Ads

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बस और ट्रक की टक्कर, दो लोगों की मौत

  •  
  • Publish Date - June 26, 2026 / 04:00 PM IST,
    Updated On - June 26, 2026 / 04:00 PM IST

फिरोजाबाद, 26 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के एक डबल डेकर स्लीपर बस और ट्रक की टक्कर में दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक यात्री घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब गोरखपुर से चंडीगढ़ जा रही डबल डेकर स्लीपर बस आगे चल रहे एक ट्रक से टकरा गई। ट्रक में सरिया लदा हुआ था।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अनुज चौधरी ने बताया कि दुर्घटना नगला खंगर थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 63 के पास हुई। बस में करीब 60 यात्री सवार थे।

उन्होंने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा की एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को बस से निकालकर शिकोहाबाद के संयुक्त चिकित्सालय भेजा गया। गंभीर रूप से घायल कुछ यात्रियों को सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान दो यात्रियों की मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार हादसे में 20 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत रवि कांत