बरेली में दो ट्रक की आमने-सामने की भिड़ंत में दो लोगों की मौत

बरेली में दो ट्रक की आमने-सामने की भिड़ंत में दो लोगों की मौत

बरेली में दो ट्रक की आमने-सामने की भिड़ंत में दो लोगों की मौत
Modified Date: August 5, 2026 / 08:22 pm IST
Published Date: August 5, 2026 8:22 pm IST

बरेली, पांच अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में लखनऊ-दिल्ली राजमार्ग पर बड़ा बाइपास (जीरो प्वाइंट) के पास बुधवार दोपहर दो ट्रक की आमने-सामने की भिड़ंत में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।

क्षेत्राधिकारी (राजमार्ग) देवेश सिंह ने बताया कि मृतकों की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है और ट्रक मालिकों से संपर्क किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही बिथरी चैनपुर थाना प्रभारी राजेश बाबू मिश्रा पुलिस टीम साथ मौके पर पहुंचे और केबिन में फंसे घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचवाया।

मिश्रा के मुताबिक, हादसे में शामिल ट्रक में से एक में सेब लदे थे, जबकि दूसरे में कच्चे केले भरे हुए थे।

उन्होंने बताया कि हादसे के बाद फल सड़क पर बिखर गए और राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया।

मिश्रा के अनुसार, पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया और काफी मशक्कत के बाद यातायात सुचारु हुआ।

उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि हादसे के शिकार ट्रक में से एक मध्यप्रदेश और दूसरा हरियाणा का है।

मिश्रा ने बताया कि एक ट्रक दिल्ली की ओर जा रहा था, जबकि दूसरा मुरादाबाद की तरफ बढ़ रहा था। उन्होंने बताया कि पुलिस को आशंका है कि चालक को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ।

भाषा

सं राजेंद्र पारुल

पारुल


लेखक के बारे में