गोरखपुर में भीषण सड़क हादसा, डंपर-ट्रक की टक्कर के कारण दो लोगों की मौत
गोरखपुर में भीषण सड़क हादसा, डंपर-ट्रक की टक्कर के कारण दो लोगों की मौत
गोरखपुर, 28 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में बृहस्पतिवार तड़के करीब पांच बजे कुशीनगर-लखनऊ राजमार्ग पर विपरीत दिशा से आ रहे एक डंपर और मक्का लदे ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसके बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार डंपर में फंसे चालक और क्लीनर की जलकर मौत हो गई, जबकि ट्रक के चालक और हेल्पर वाहन से कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। दोनों घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
यह हादसा रामगढ़ ताल थाना क्षेत्र के अजवानिया गांव के पास हुआ। मक्का से लदा ट्रक कुशीनगर से लखनऊ की ओर जा रहा था, तभी सामने से आ रहा धूल से लदा डंपर गलत दिशा में आ गया। तेज रफ्तार दोनों वाहन आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक सड़क किनारे पलट गया और उसमें आग लग गई, जो कुछ ही मिनटों में डंपर तक फैल गई।
डंपर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे चालक और क्लीनर केबिन में फंस गए और आग की चपेट में आकर उनकी मौत हो गई।
मृतकों की पहचान बस्ती जिले के धमौरा गांव निवासी सत्येंद्र कुमार (डंपर चालक) और फतेहपुर जिले के निवासी शिवा (क्लीनर) के रूप में हुई है।
हादसे के बाद राजमार्ग पर अफरा-तफरी मच गई और लखनऊ की ओर जाने वाली लेन पर करीब पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया। रामगढ़ ताल पुलिस ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद यातायात बहाल कराया।
कैंट के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अरुण कुमार एस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा ट्रक के चालक और हेल्पर का अस्पताल में इलाज जारी है।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत

Facebook


