जौनपुर (उप्र), 25 फरवरी (भाषा) जौनपुर शहर के कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को इंडियन ऑयल-अदाणी गैस प्राइवेट लिमिटेड की पाइपलाइन में भीषण गैस रिसाव के बाद आग लग गयी जिससे दो लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह घटना सिपाह पुलिस चौकी के समीप फूल मंडी इलाके में तब हुई जब एक जेसीबी मशीन ने कथित तौर पर अदाणी गैस पाइपलाइन के सर्विस रेगुलेटर बोर्ड को टक्कर मार दी , फलस्वरूप तेजी से गैस रिसने लगी।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर) गोल्डी गुप्ता ने कहा कि जब मौके पर मौजूद कर्मचारी रिसाव को बंद करने का प्रयास कर रहे थे, तभी अचानक आग लग गई।
उन्होंने कहा कि आग की लपटें तेजी से पास के बांस के ढांचे की ओर फैल गईं, जिससे आसपास के लोगों और दुकानदारों में दहशत फैल गई।
सूचना मिलने पर जौनपुर अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में अग्निशमन टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने कहा कि अग्निशमन कर्मियों ने अग्निशामक यंत्रों, एक बुलेट टैंकर आदि की मदद से आग पर काबू पाया।
गुप्ता ने कहा, ‘फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी दुर्घटना को टालने में मदद मिली।’
इस बीच मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने गैस आपूर्ति को पूरी तरह से बंद कर दिया, जिसके बाद स्थिति पर काबू पाया जा सका।
पुलिस ने बताया कि इस घटना में दो लोग आंशिक रूप से झुलस गए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आसपास की दुकानों और रिहायशी इलाकों में बड़ा विस्फोट हो सकता था।
अधिकारियों ने बताया कि प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
भाषा सं जफर राजकुमार
राजकुमार