बुलंदशहर में गोलीबारी के सिलसिले में नाबालिग समेत दो लोग पकड़े गए
बुलंदशहर में गोलीबारी के सिलसिले में नाबालिग समेत दो लोग पकड़े गए
बुलंदशहर, 28 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर जिले के कोतवाली नगर क्षेत्र में जश्न के दौरान हुई गोलीबारी की घटना के सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया जबकि उसके नाबालिग बेटे को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक इस घटना में आठ साल का एक लड़का गंभीर रूप से घायल हो गया है।
पुलिस ने इनके पास से एक लाइसेंसी पिस्तौल, एक मैगजीन, एक कारतूस और दो खाली खोखे बरामद किये हैं।
आरोपी कोतवाली नगर क्षेत्र का रहने वाला है और उसका नाबालिग बेटा है। आरोपी पिता को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसके बेटे को शुक्रवार को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है।
यह घटना 19 फरवरी को आरोपी के आवास पर अगले दिन होने वाली उसकी बेटी की शादी से एक दिन पहले अनुष्ठान के दौरान हुई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के नाबालिग बेटे ने कथित तौर पर अपने पिता की लाइसेंसी पिस्तौल से गोली चलाई और एक गोली आठ वर्षीय रेयांश सोनी के सिर में लगी।
रेयांश को गौतम बुद्ध नगर जिले के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां फिलहाल उसकी चोटों का इलाज चल रहा है।
पुलिस अधीक्षक (नगर) शंकर प्रसाद ने कहा कि पीड़ित के पिता की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई।
एसपी ने कहा, ’20 फरवरी को दो व्यक्तियों- एक नाबालिग और उसके पिता के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। घटना में इस्तेमाल की गई पिस्तौल बरामद कर ली गई है।’
भाषा
सं, जफर
रवि कांत

Facebook


