कांवड़ मार्ग पर बिरयानी की दुकान पर चला बुलडोजर, दो दुकानदार हिरासत में

Ads

कांवड़ मार्ग पर बिरयानी की दुकान पर चला बुलडोजर, दो दुकानदार हिरासत में

  •  
  • Publish Date - August 9, 2026 / 05:47 PM IST,
    Updated On - August 9, 2026 / 05:47 PM IST

बरेली (उप्र), नौ अगस्त (भाषा) कांवड़ यात्रा के दौरान निर्धारित मार्गों पर मांसाहार की बिक्री रोकने की कड़ी में बहेड़ी में मुख्य कांवड़ मार्ग पर चिकन बिरयानी बेचते पाए जाने पर पुलिस ने दो दुकानदारों को हिरासत में लेकर बुलडोजर (जेसीबी) से दुकान का टिनशेड और काउंटर गिरा दिया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार मामला पुराने रोडवेज के पास का है। लोधीपुर निवासी सलमान यहां मुर्गे की बिरयानी बेचता था। सावन और कांवड़ यात्रा को देखते हुए प्रशासन ने मुख्य कांवड़ मार्गों पर मांसाहार की बिक्री पर पहले ही रोक के निर्देश जारी किए थे।

शनिवार शाम करीब पांच बजे दुकान पर बिरयानी बिकने की सूचना विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी शानू गंगवार ने पुलिस को दी। सूचना पर बहेड़ी के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अरुण कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस के मुताबिक चेतावनी के बावजूद दुकान चलती मिलने पर पुलिस ने सलमान और रहीस को हिरासत में ले लिया। इसके बाद जेसीबी से दुकान का टिनशेड और काउंटर गिरा दिया गया।

सीओ अरुण कुमार सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान तय निर्देशों का उल्लंघन कर मीट, चिकन, मछली या अन्य मांसाहारी खाद्य पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर एफआईआर भी दर्ज होगी।

पुलिस के अनुसार इसी दौरान बेकरी वाली ‘चीफ साहब’ की गली में भी चिकन शॉप पर छापेमारी की गई। यहां फ्राई चिकन और चिकन बिरयानी बेची जा रही थी। बजरंग दल की शिकायत पर पुलिस दुकान बंद कराकर दो लोगों को थाने ले आयी।

पुलिस का कहना है कि बरेली से बहेड़ी और अन्य प्रमुख कांवड़ मार्गों पर पुलिस-प्रशासन की निगरानी बढ़ा दी गई है और टीमें जांच कर रही हैं।

भाषा सं आनन्द नरेश

नरेश