झांसी में नाव पलटने से दो किशोर लापता, दो को मछुआरे ने बचाया गया

Ads

झांसी में नाव पलटने से दो किशोर लापता, दो को मछुआरे ने बचाया गया

  •  
  • Publish Date - April 6, 2026 / 10:27 AM IST,
    Updated On - April 6, 2026 / 10:27 AM IST

झांसी (उप्र), छह अप्रैल (भाषा) झांसी जिले के रक्सा क्षेत्र में चार दोस्तों को ले जा रही एक नाव के पलट जाने से दो किशोरों के डूबने की आशंका है, जबकि दो अन्य को सुरक्षित बचा लिया गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

बचाए गए युवकों की पहचान प्रेमनगर के महावीरन इलाके के श्रवण तिवारी (19) और सीपरी बाजार के शौर्य (18) के रूप में हुई है। वहीं, प्रेमगंज के वेदांश यादव (18) और नगरा प्रेमनगर के आतिफ मंसूरी (19) लापता हैं और उनके डूबने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, रविवार शाम चारों दोस्त दोपहिया वाहन से गरिया बांध पर पिकनिक मनाने गए थे। वहां वे एक नाव में सवार हो गए और गहरे पानी में चले गए। इसी दौरान नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई, जिससे सभी युवक बांध में गिर गए।

अधिकारियों ने बताया कि युवकों की चीख-पुकार सुनकर कल्लू केवट नामक एक मछुआरा अपनी नाव से मौके पर पहुंचा और दो युवकों को बचाने में सफल रहा।

सूचना मिलते ही आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से देर रात तक तलाशी अभियान चलाया, लेकिन लापता किशोरों का कोई सुराग नहीं मिल सका।

रक्सा थाना प्रभारी रूपेश कुमार ने बताया कि बचाव अभियान में सहायता के लिए एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि लापता किशोरों की तलाश जारी है।

भाषा सं जफर

वैभव मनीषा

मनीषा

शीर्ष 5 समाचार