(सागर कुलकर्णी)
वाशिंगटन, 17 जुलाई (भाषा) अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई ने गैंगस्टर नीतीश कौशल को गिरफ्तार कर लिया है। उस पर अमेरिका में हत्या, अपहरण और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल होने का आरोप है।
यह गिरफ्तारी उसे ‘मोस्ट वांटेड’ अपराधियों की सूची में शामिल किए जाने के कुछ ही दिनों बाद हुई है।
संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) ने बृहस्पतिवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “नीतीश कौशल को वरमोंट में गिरफ़्तार कर लिया गया है।”
एफबीआई ने कहा कि भारतीय नागरिक कौशल ने कथित तौर पर भगवानपुरिया संगठित अपराध गिरोह के लिए हिंसा की घटनाओं को अंजाम दिया, जिनमें अपहरण और मारपीट जैसे मामले शामिल थे।
एजेंसी ने मंगलवार को कौशल को अपनी ‘मोस्ट वांटेड’ सूची में शामिल किया था।
एफबीआई कौशल की तलाश में थी, क्योंकि उस पर कथित तौर पर एक ऐसे अंतरराष्ट्रीय आपराधिक संगठन से जुड़े होने का आरोप था जो हत्या, अपहरण, मादक पदार्थों की तस्करी, वसूली, हथियारों की तस्करी, धन शोधन और मानव तस्करी जैसे अपराधों में शामिल था।
उसने कहा कि ‘जग्गू भगवानपुरिया संगठित अपराध समूह’ भारत के पंजाब राज्य में शुरू हुआ था और कैलिफ़ोर्निया के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट और अन्य जगहों पर काम करता था।
कैलिफोर्निया के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की अमेरिकी जिला अदालत, लॉस एंजिलिस ने 25 जून को कौशल के खिलाफ संगठित अपराध और भ्रष्ट संगठनों से संबंधित कानून के तहत आपराधिक षडयंत्र रचने का आरोप लगाया गया था।
भाषा प्रशांत गोला
गोला