सोनभद्र में महिला अधिवक्ता व उनके रिश्तेदारों से मारपीट के आरोप में दो टोलकर्मी गिरफ्तार

सोनभद्र में महिला अधिवक्ता व उनके रिश्तेदारों से मारपीट के आरोप में दो टोलकर्मी गिरफ्तार

सोनभद्र में महिला अधिवक्ता व उनके रिश्तेदारों से मारपीट के आरोप में दो टोलकर्मी गिरफ्तार
Modified Date: February 2, 2026 / 01:49 pm IST
Published Date: February 2, 2026 1:49 pm IST

सोनभद्र (उप्र), दो फरवरी (भाषा) सोनभद्र जिले में टोल प्लाजा पर एक महिला अधिवक्ता, उनके परिजनों और रिश्तेदारों के साथ टोलकर्मियों द्वारा कथित तौर पर मारपीट किए जाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) रणधीर मिश्रा ने बताया कि महिला अधिवक्ता आरती पांडेय ने राबर्ट्सगंज थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया कि वह रविवार को अपने परिजनों और रिश्तेदारों के साथ कार से ओबरा जा रही थीं।

इसमें कहा गया कि अपराह्न करीब तीन बजे जब वे ग्राम लोढ़ी स्थित टोल प्लाजा पर पहुंचे तो वाहनों की कतार के कारण जाम की स्थिति थी, ऐसे में उनके जीजा नवीन सिंह टोलकर्मियों से जाम का कारण पूछने गए जिस पर कर्मचारियों ने उन्हें कथित तौर पर अपशब्द कहे व जान से मारने की धमकी दी।

महिला ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों ने नवीन के साथ मारपीट की, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे अवनीश दुबे को भी आरोपियों ने लाठी-डंडों से पीटा, जिससे उन्हें भी गंभीर चोटें आईं।

आरती पांडेय ने पुलिस को बताया कि टोलकर्मियों ने उनके और उनके साथ यात्रा कर रहीं गरिमा सिंह के बाल पकड़कर खींचे तथा जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की प्रासंगिक धाराओं में दो नामजद और सात-आठ अज्ञात कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि नामजद आरोपी हमीरपुर के भौली कुरारा निवासी रामजी तिवारी व आंबेडकर नगर जिले के करमिशीपुर निवासी सर्वेश यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

भाषा सं आनन्द खारी

खारी


लेखक के बारे में