मिर्जापुर में सड़क हादसे में दो ट्रक चालकों की मौत, तीन अन्य घायल

मिर्जापुर में सड़क हादसे में दो ट्रक चालकों की मौत, तीन अन्य घायल

मिर्जापुर में सड़क हादसे में दो ट्रक चालकों की मौत, तीन अन्य घायल
Modified Date: March 29, 2026 / 05:36 pm IST
Published Date: March 29, 2026 5:36 pm IST

मिर्जापुर (उप्र) 29 मार्च (भाषा) मिर्जापुर जिले के ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र में मिर्जापुर-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक कंटेनर (बड़ा ट्रक) का ब्रेक अचानक खराब हो गया और उसने एक अन्य कंटेनर को टक्कर मार दी। इस हादसे में दो चालकों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

ड्रमंडगंज के थानाध्यक्ष भारत लाल सुमन ने बताया कि मध्य प्रदेश के इंदौर से शीतल पेय लादकर असम के गुवाहाटी जा रहा कंटेनर का ब्रेक शनिवार रात करीब रात साढ़े ग्यारह बजे ड्रमंडगंज घाटी में उतरते समय जालिम मोड़ के पास खराब हो गया। उन्होंने बताया कि अनियंत्रित कंटेनर आगे चल रही कार में पीछे से टक्कर मार दी, लेकिन संयोग से कार सवार बाल बाल बच गए।

सुमन ने बताया कि बाद में अनियंत्रित कंटेनर आगे चल रही मोटरसाइकिल में टक्कर मारते हुए चार सौ मीटर आगे बड़का मोड़ घुमान पर एक अन्य कंटेनर में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कंटेनर का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।

उन्होंने कहा कि इस हादसे में कंटेनर चालक एवं रामपुर जिला के मिलक थाना निवासी अरविंद कुमार (35) तथा कंटेनर में सवार दूसरा चालक चंदौली जिले के खुटिया निवासी लालता यादव (50) की मौत हो गई।

थानाध्यक्ष ने बताया कि जान बचाने के लिए वाहन से कूदा खलासी हिम्मत सिंह (21) गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्होंने बताया कि कंटेनर की चपेट में आने से बाइक सवार एवं भदोही निवासी अजय कुमार बिंद व उनका छोटा भाई विजय कुमार बिंद गंभीर रूप से घायल हो गए।

भाषा सं आनन्द रंजन धीरज

धीरज


लेखक के बारे में