लखनऊ की नहर में दो अज्ञात शव मिले; सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार की मौत
लखनऊ की नहर में दो अज्ञात शव मिले; सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार की मौत
लखनऊ, 26 अगस्त (भाषा) लखनऊ में कनौसी पुल के पास बुधवार को एक नहर में दो अज्ञात पुरुषों के शव बरामद किये गये तथा एक अन्य घटना में ट्रक की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। यह जानकारी पुलिस ने दी।
लखनऊ पुलिस ने एक बयान में बताया कि सुबह करीब साढे सात बजे मानक नगर थाना क्षेत्र में कनौसी पुल के पास नहर के रेगुलेटर में दो शव फंसे पाये गये।
बयान के अनुसार सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को बाहर निकाला और देखने में दोनों शव क्रमशः लगभग 40 और 20 साल के पुरुषों के लग रहे थे, जिनकी शिनाख्त की कोशिश की जा रही है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि करीब 20 वर्षीय युवक के दायें हाथ पर ‘महाकाल’ लिखा हुआ टैटू था, जिसका इस्तेमाल उसकी पहचान करने की कोशिश में भी किया जा रहा है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि एक अन्य घटना में दोपहर करीब एक बजे लखनऊ-हरदोई मार्ग पर मोती नीम के पास एक ट्रक से हुई आमने-सामने की टक्कर में एक मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई।
सूत्रों ने बताया कि मृतक की पहचान मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के मऊ गांव के निवासी अकीक अहमद के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि हादसे में गंभीर रूप से घायल होने पर उसे मलीहाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि अहमद के परिजन के अनुसार अहमद मोहनलालगंज से मलीहाबाद जा रहे थे। पुलिस सूत्रों ने बताया कि टक्कर मारने वाले ट्रक के चालक का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि परिवार से शिकायत मिलने पर संबंधित धाराओं के तहत एक मामला दर्ज किया जाएगा।
भाषा सं. सलीम अमित
अमित

Facebook


