लखनऊ में नाले से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद, वकील समेत दो लोगों ने की आत्महत्या
लखनऊ में नाले से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद, वकील समेत दो लोगों ने की आत्महत्या
लखनऊ, 28 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव नाले से बरामद किया गया, जबकि एक वकील समेत दो लोगों ने संदिग्ध रूप से आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, पारा क्षेत्र के बुद्धेश्वर इलाके में 50 वर्षीय अधिवक्ता ने अपने चैंबर में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली।
मृतक की पहचान बुद्धेश्वर स्थित पिंक सिटी फेज-2 निवासी राजेंद्र सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने एक बयान में बताया कि परिजनों के अनुसार, उन्होंने अपने घर से कुछ दूरी पर स्थित चैंबर में तार से कथित तौर पर फांसी लगा ली।
परिजन उन्हें रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल ले गए, जहां से पुलिस को घटना की जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक, परिवार के लोग आत्महत्या के पीछे की कोई स्पष्ट वजह नहीं बता सके।
शव को पोस्टमार्टम के लिए किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एक अन्य घटना में, माल क्षेत्र के पिपरी कुराखर गांव निवासी 45 वर्षीय रमेश कुमार ने चकै गांव में एक बाग में कथित तौर पर फांसी लगा ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि रमेश के बेटे शिवलाल ने घटना की सूचना दी, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण फांसी लगना दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, रमेश कैटरिंग का काम करते थे। अब तक किसी ने हत्या या किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता को लेकर शिकायत नहीं की है।
इसके अलावा पुलिस ने बताया कि उसे अलग से सुबह करीब 11:30 बजे सूचना मिली कि विकास नगर में रिंग रोड पर मारुति सुजुकी के शोरूम के सामने एक बड़े नाले में शव बह रहा है। इसके बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस के अनुसार, करीब 35 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव पुलिया के नीचे नाले में तैरता मिला, जिसे बाहर निकाला गया। पुलिस ने बयान में बताया कि शव करीब दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा था।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं और अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
पुलिस ने कहा कि सभी मामलों में विस्तृत कानूनी कार्रवाई जारी है।
भाषा
सं, जफर रवि कांत

Facebook


