उप्र: पेट के कीड़े मारने वाली दवा खाने के बाद 100 बच्चे बीमार
उप्र: पेट के कीड़े मारने वाली दवा खाने के बाद 100 बच्चे बीमार
फर्रुखाबाद, 10 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में एक सरकारी स्कूल में पेट के कीड़े मारने वाली दवा खाने के बाद लगभग 100 बच्चे बीमार हो गए। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि कमालगंज विकास खंड के राठौरा मोहद्दीनपुर गांव में जवाहर लाल प्रेमा देवी विद्यालय में लगभग 150 बच्चों को पेट के कीड़े मारने वाली ‘एल्बेंडाजोल’ गोली खिलायी गयी थी और दवा खाते ही लगभग 100 विद्यार्थी बीमार हो गये।
अधिकारियों ने बताया कि 33 विद्यार्थियों को कमालगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जबकि 67 बच्चों कों लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी लोहिया अस्पताल पंहुचे और बच्चों का हाल जाना।
सभी बच्चों की हालत स्थिर बतायी जा रही है।
जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवनींद्र कुमार ने बताया कि सभी विद्यालयों में दवा खिलायी गयी थी लेकिन सिर्फ इस स्कूल में बच्चों को सिर दर्द और उल्टी की शिकायत हुई हालांकि अब सभी की हालत ठीक है।
जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने बताया की अब सब बच्चे ठीक हैं और तबियत खराब होने का अन्य कोई कारण हो सकता है।
भाषा सं. सलीम जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


