लखनऊ, 31 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के लखनऊ में पुलिस ने 16 वर्षीय लड़की से दुष्कर्म के आरोपी 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने एक बयान में बताया कि रविवार को इटौंजा थाने में दर्ज कराई गई एक शिकायत में 16 वर्षीय लड़की से दुष्कर्म करने का आरोप लगाया गया था।
पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1) (दुष्कर्म) और धारा 333 (गलत इरादे से घर में घुसना) तथा यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता का तत्काल बयान दर्ज कर उसकी चिकित्सकीय जांच कराई गई।
पुलिस ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर रविवार रात करीब पौने 11 बजे इटौंजा थाना क्षेत्र में जमखनवा मोड़ के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध कबूल कर लिया। भाषा राजेंद्र जितेंद्र
जितेंद्र