उप्र: अवैध रूप से निर्मित ईदगाह के खिलाफ अतिक्रमण हटाओ अभियान

Ads

उप्र: अवैध रूप से निर्मित ईदगाह के खिलाफ अतिक्रमण हटाओ अभियान

  •  
  • Publish Date - July 14, 2026 / 04:54 PM IST,
    Updated On - July 14, 2026 / 04:54 PM IST

संभल, 14 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के संभल जिले के मधन गांव में कब्रिस्तान के रूप में दर्ज भूमि पर अवैध रूप से निर्मित ईदगाह के खिलाफ अधिकारियों ने मंगलवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता के प्रावधानों के तहत तहसीलदार की अदालत द्वारा जारी आदेश के बाद राजस्व विभाग ने कथित अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की।

उन्होंने बताया कि विवादित ढांचा मधन गांव में असमोली-लोधीपुर मार्ग पर स्थित 70 वर्ग मीटर क्षेत्रफल वाले भूखंड संख्या 208 पर बनाया गया था।

तहसीलदार धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि भूखंड संख्या 208, 210, 218 और 417 मूल रूप से कब्रिस्तान के लिए आरक्षित हैं।

उन्होंने संवाददाताओं को बताया, ‘‘भूखंड संख्या 210 का उपयोग कब्रिस्तान के रूप में किया जा रहा है जबकि भूखंड संख्या 208 की भूमि का कथित तौर पर उपयोग बदलकर वहां ईदगाह बना दी गई। प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने और भूमि को उसके मूल उद्देश्य के लिए बहाल करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।’’

सिंह ने बताया कि कुछ ग्रामीणों ने कब्रिस्तान की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का अनुरोध किया था, जिसके बाद अदालत के आदेश के अनुसार यह कार्रवाई की गई।

अधिकारियों के अनुसार, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अभियान चलाया गया।

उन्होंने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

भाषा सं जफर जितेंद्र

जितेंद्र