लखनऊ, 29 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं और उनके सहयात्रियों को दी गई निशुल्क बस यात्रा सुविधा का प्रदेशभर में बड़ी संख्या में लोगों ने लाभ उठाया।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, 28 अगस्त को ही 49.96 लाख से अधिक महिलाओं और उनके सहयात्रियों ने बिना किराया दिए यात्रा की।
बयान के मुताबिक, वहीं, 29 अगस्त की शाम पांच बजे तक यह संख्या बढ़कर करीब 80 लाख पहुंच गई।
निशुल्क यात्रा सुविधा शनिवार रात 12 बजे तक जारी रहेगी।
उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के अनुसार, 27 अगस्त को 9.26 लाख से अधिक महिलाओं और सहयात्रियों ने इस योजना का लाभ उठाया, इनमें 6.03 लाख से अधिक महिलाएं और 3.22 लाख से अधिक सहयात्री शामिल थे।
रक्षाबंधन के दिन 28 अगस्त को निशुल्क यात्रा करने वालों की संख्या में भारी बढ़ोतरी हुई।
बयान के मुताबिक, इस दिन 49.96 लाख से अधिक निशुल्क टिकट जारी किए गए, जिनमें 32.47 लाख से अधिक महिलाएं और 17.48 लाख से अधिक सहयात्री शामिल रहे।
परिवहन निगम के आंकड़ों के मुताबिक, 27 और 28 अगस्त को मिलाकर कुल 59.23 लाख से अधिक टिकट जारी किए गए, जिनमें 38.51 लाख से अधिक महिलाएं और 20.71 लाख से अधिक सहयात्री शामिल हैं।
सरकार के अनुसार, निशुल्क बस यात्रा योजना से बड़ी संख्या में परिवारों को त्योहार पर आर्थिक राहत मिली और महिलाओं को अपने भाइयों तक पहुंचने में सुविधा हुई।
शुक्रवार से ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना’ के तहत 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाओं के लिए भी परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा सुविधा शुरू की गई है।
बयान के मुताबिक, 28 अगस्त को यात्रा करने वाली महिलाओं में बुजुर्ग महिलाएं भी शामिल थीं।
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) के प्रधान प्रबंधक (संचालन) अनिल कुमार ने बताया कि रक्षाबंधन पर संभावित भीड़ को देखते हुए पहले से व्यापक तैयारियां की गई थीं।
उन्होंने बताया कि अधिक बसों का संचालन, प्रमुख बस अड्डों पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती और यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष निगरानी की गई। अधिकारी ने बताया कि अधिकारियों और कर्मचारियों ने भीड़ प्रबंधन, बसों के संचालन और यात्रियों को समय पर जानकारी उपलब्ध कराने में सक्रिय भूमिका निभाई। भाषा जफर जितेंद्र
जितेंद्र