प्रधानमंत्री मोदी दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर उज्बेकिस्तान पहुंचे

Ads

प्रधानमंत्री मोदी दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर उज्बेकिस्तान पहुंचे

  •  
  • Publish Date - August 29, 2026 / 10:41 PM IST,
    Updated On - August 29, 2026 / 10:41 PM IST

ताशकंद, 29 अगस्त (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को उज्बेकिस्तान पहुंचे, जहां वह राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे। इस दौरान दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने पर चर्चा होगी।

ताशकंद हवाई अड्डे पर पहुंचने पर राष्ट्रपति मिर्जियोयेव ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। यह प्रधानमंत्री मोदी की उज्बेकिस्तान की चौथी यात्रा है।

मोदी ने ताशकंद पहुंचने के बाद ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव के गर्मजोशी भरे स्वागत के बीच ताशकंद पहुंचा। उनके इस विशेष सम्मान के लिए आभारी हूं। उज्बेकिस्तान की यह मेरी चौथी यात्रा है, जो हमारे द्विपक्षीय संबंधों की गहराई को दर्शाती है।’’

ताशकंद पहुंचने के बाद मोदी ने यांगी उज्बेकिस्तान पार्क का भ्रमण किया और स्वतंत्रता स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की।

राष्ट्रपति मिर्जियोयेव भी उनके साथ थे। यह स्मारक देश की आजादी की 30वीं वर्षगांठ पर बनाया गया था और यह स्वतंत्रता तथा अच्छाई के आदर्शों का प्रतीक है।

मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘ताशकंद पहुंचने के बाद राष्ट्रपति मिर्जियोयेव के साथ यांगी उज्बेकिस्तान स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। यह स्मारक उजबेक लोगों की आकांक्षाओं और प्रगति को दर्शाता है। अपनी यात्रा की शुरुआत यहां से करके खुशी हुई।’

मोदी दो देशों की यात्रा के पहले चरण में ताशकंद पहुंचे हैं। वह किर्गिस्तान भी जाएंगे। इस यात्रा का उद्देश्य मध्य एशिया में भारत की रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करना और इस क्षेत्र के साथ सभ्यतागत संबंधों को प्रगाढ़ बनाना है।

उज्बेकिस्तान की अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान मोदी राष्ट्रपति मिर्जियोयेव के साथ व्यापार, निवेश, डिजिटल संपर्क, रक्षा और ऊर्जा क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा करेंगे।

मोदी ने रवाना होने से पहले कहा, ‘‘मैं राष्ट्रपति मिर्जियोयेव के साथ व्यापार और निवेश, डिजिटल संपर्क, रक्षा तथा ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करने तथा ‘विकसित भारत’ और ‘नया उज्बेकिस्तान’ के हमारे साझा दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने के उपायों पर चर्चा के लिए उत्सुक हूं।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि वह ताशकंद में शास्त्री स्मारक और ‘ताशकंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ ऑरिएनटल स्टडी’ स्थित महात्मा गांधी केंद्र का भी दौरा करेंगे।

ताशकंद से प्रधानमंत्री मोदी किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक जाएंगे, जहां वह राष्ट्रपति सदर जापारोव के निमंत्रण पर शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के 26वें शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।

भाषा जोहेब अविनाश

अविनाश